भाजपा नेता के कमेंट से बिगड़ा कोल्हुई का माहौल, सड़क पर उतरे लोग - Desi खबर-जोड़े आपको पूर्वांचल से।
PropellerAds

Tuesday, 21 August 2018

भाजपा नेता के कमेंट से बिगड़ा कोल्हुई का माहौल, सड़क पर उतरे लोग

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा के बाद रविवार को कोल्हुई बाजार में भाजपा युवा मोर्चा और एआईएमआईएम नेता उपेन्द्र सिंह के बीच हुए विवाद ने सोमवार देर रात 9 बजे फिर तूल पकड़ लिया। उपेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजयुमो नेता देवानन्द ने उनके खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी की है। इससे नाराज होकर वह अपने साथी कोल्हुई के प्रधान मनोज सिंह को लेकर देवानन्द के घर पहुंच गए लेकिन वह घर नहीं मिले।
इसके बाद दोनों लोग कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। उपेन्द्र सिंह ने चेताया कि अगर देवानन्द के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे।
मामला बढ़ता देख सीओ फरेंदा अशोक कुमार मिश्रा और एसडीएम फरेंदा पुलिस फोर्स के साथ कोल्हुई पहुंचे। उनके साथ सर्किल के सभी थानों की पुलिस भी रही। हालात को नियंत्रित करने के लिए वे उपेन्द्र सिंह और मनोज को थाने लेते गए। पुलिस की कार्रवाई देख ग्रामीण भी थाने के बाहर जमा हो गए। हंगामा बढ़ने पर कोल्हुई प्रधान ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन सभी थाने के बाहर ही देवानन्द के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डटे हैं।
रविवार को कोल्हुई में अटल जी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पदाधिकारियों ने देवानंद, दिलीप मौर्या व दिनेश रौनियार के नेतृत्व में बाजार बंद कराना शुरू किया। इसी बात को लेकर ऑल इंडिया मज्लिस-ए-इतेहदुल मुसलिमीन के टिकट पर फरेंदा विधानसभा से चुनाव लड़े सिंह मेडिकल स्टोर के उपेन्द्र सिंह से कार्यकर्ताओं का विवाद हो गया। मामला किसी तरह शांत हो गया। वहां से सभी भाजयुमो कार्यकर्ता परसौना की ओर निकले। आरोप है कि वापस लौटते समय अपराह्न करीब दो बजे भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर एआईएमआईएम नेता और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते भगदड़ मच गई। विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ता गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर धरने पर बैठ गए। वहीं, उपेन्द्र सिंह भी समर्थकों के साथ सड़क पर आ गए। उनके पक्ष में कोल्हुई व्यापारमंडल के पदाधिकारी भी उतरे। देखते ही देखते सोनौली मार्ग जाम हो गया।


Source:- Purvanchal Live