कुशीनगर में दो मंजिला मकान नदी में समा गया। गनीमत रही कि मकान गिरने की आशंका के चलते वहां रहने वाले पहले ही निकल गए थे। शनिवार सुबह से मकान की दीवारों पर जगह-जगह से दरारें पड़ रही थीं। बड़ी गंडक नदी के किनारे बने धुरेन्द्र सिंह के इस दो मंजिला मकान की ये हालत नदी से लगातार हो रही कटान की वजह से हुई। पिछले कुछ घंटों में नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद तमकुहीराज के एपी तटबंध के किनारे बसे अहिरौलीदान गांव के कचहरी टोले पर तेज कटान हो रही थी।
कटान की वजह से अब तक इस गांव और आसपास के कम से कम एक दर्जन मकान गिर चुके हैं। शनिवार को सुबह से ही गांववालों को लगने लगा कि धुरेन्द्र सिंह का मकान कभी भी गिर सकता है। मकान की दीवारों में पड़ रही दरारों को देख वहां काफी भीड़ जुट गई थी। लोग मकान को देख कर आपस में चर्चा कर रहे थे। कुछ लोग तस्वीरें खींच रहे और वीडियो बना रहे थे कि मकान अचानक गिर पड़ा। पांच सेकेंड के अंदर दो मंजिला मकान नदी में समा गया।
गांव खाली करने लोग
बड़ी गंडक नदी के तेवर से डरे ग्रामीण अपना घरबार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकल रहे हैं। दो दिन पहले इसी गांव में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
