नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पूरा देश दु:खी है. केंद्र सरकार ने अटल जी के निधन पर 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. इस दौरान तमाम स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. कई प्राइवेट कंपनियों ने भी दफ्तरों में शोक घोषित किया है. दिल्ली सरकार ने राजकीय शोक की घोषणा करते हुए दिनांक 17 अगस्त को सभी स्कूल-कॉलेजों के बंद रहने का ऐलान किया. इसके अलावा दिल्ली के व्यापार संघ ने भी दिल्ली के सारे बाजारों में 17 अगस्त को बंदी की बात कही.
दिल्ली के अलावा तमाम राज्यों ने अपने वहां राजकीय शोक घोषित किया है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और मध्य प्रदेश में 17 अगस्त को तमाम स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. आपको बता दें कि इसी दिन ही अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पहले अटल बिहारी के दिल्ली आवास और फिर बीजेपी कार्यालय में रखा जाएगा. उसके बाद दोपहर 1:30 बजे से उनकी अंतिम यात्रा स्मृति स्थल के लिए रवाना होगी. जहां पर 4ः30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
93 वर्षीय अटल बिहारी वाजपेयी ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली. वह डिमेंशिया नामक बीमारी से पीड़ित थे और बीते 11 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. पिछले कुछ घंटों से अटल जी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था.

