रायबरेली:-बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के तमाम सरकारी दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। बुलाने पर न तो एंबुलेंस पहुंचती है और न ही अस्पताल में समुचित इलाज मिल पा रहा है। ताजा मामला रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र का है, जहां एम्स तो खुल गया लेकिन लोगों को एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
डीह के रोखा गांव निवासी सूरज पाल (60) को एक हफ्ते से तेज बुखार आ रहा था। शुक्रवार सुबह हालत बिगड़ गई। सूरज के पुत रामकुमार ने बताया कि एंबुलेंस बुलाने के लिए 102 नंबर डायल किया तो कर्मचारियों ने कहा कि एक घंटे तक नहीं पहुंच पाएंगे। इस पर पिता की हालत गंभीर होते देख पड़ोसियों की सहायता से चारपाई को ही बहंगी का रूप दे दिया। बांस के सहारे लोग चारपाई पर सूरज पाल को लादकर गांव से दो किलोमीटर दूर सीएचसी डीह पहुंचे।अस्पताल में चारपाई पर मरीज को देखते ही हड़कंप मच गया। डॉक्टरों और स्टाफ ने तत्काल सूरज को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है।