
नई दिल्ली, पीटीआइ। देश की राजधानी दिल्ली के लोगों का ईज ऑफ लीविंग इंडेक्स यानि जीवन सगुमता सूचकांच रायपुर से भी कहीं नीचे है। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय द्वारा जारी जीवन सुगमता सूचकांक (ईज ऑफ लीविंग इन्डेक्स) में पुणे पहले स्थान पर, नवी मुंबई दूसरे स्थान पर और नई दिल्ली 65 वें स्थान पर है।
आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी द्वारा जारी रिपोर्ट में ग्रेटर मुंबई तीसरे स्थान पर है। इसके बाद तिरुपति, चंडीगढ़, ठाणे, रायपुर, इंदौर, विजयवाड़ा और भोपाल हैं। मंत्रालय द्वारा कराए गए इस सर्वेक्षण में 111 शहरों को शामिल किया गया था। हरदीप पुरी ने बताया कि सर्वेक्षण चार मापदंडों पर आधारित था, जिसमें प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं, आर्थिक स्तर और भौतिक बुनियादी ढांचे को शामिल किया गया।
सर्वेक्षण में शामिल शहरों में कानून व्यवस्था, सामाजिक संस्थाओं तक लोगों की पहुंच, शहर में रहने वाले लोगों का आर्थिक स्तर और शहर में मौजूद भौतिक बुनियादी ढांचे को शामिल किया गया। इन सभी मापदंडों पर पुणे नंबर एक पर रहा। लेकिन दिल्ली का 65वें नंबर पर होना चौंकाता है।
