गोरखपुर में राप्ती, आजमगढ़ में तमसा, बस्ती की कुआनों में अटल जी की अस्थियों को किया जाएगा प्रवाहित, इन जिलों से गुजरेगी यात्रा। - Desi खबर-जोड़े आपको पूर्वांचल से।
PropellerAds

Tuesday, 21 August 2018

गोरखपुर में राप्ती, आजमगढ़ में तमसा, बस्ती की कुआनों में अटल जी की अस्थियों को किया जाएगा प्रवाहित, इन जिलों से गुजरेगी यात्रा।

पंचतत्व में विलीन हो चुकी अजातशत्रु पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की अस्थियां गोरखपुर क्षेत्र के सभी जिलों से होकर गुजरने के बाद विसर्जित की जाएंगी। अटलजी के चाहने वाले अपने प्रिय नेता को अंतिम प्रणाम कर सकेंगे। इसके अलावा गोरखपुर क्षेत्र के सभी मंडलों में 27 व 28 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा कर अपने प्रिय नेता को भाजपाई याद करेंगे।
गोरखपुर क्षेत्र की बैैैठक में इस यात्रा की रूपरेखा बनाई गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष डाॅ.धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी जनपदों गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती के जिला मुख्यालयों पर पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी की श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन 25 अगस्त को होगा। जिलों के प्रमुख मार्गो से जहां-जहां यात्रा गुजरेगी वहां के मुख्य स्थलों, चौक, चौराहों, बाजारों पर लोग श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। फूलों की बरसा कराई जाएगी।

आजमगढ़, बस्ती और गोरखपुर में अलग-अलग निकलेगी यात्रा

अटलजी की अस्थियों को गोरखपुर क्षेत्र की तीन नदियों में प्रवाहित किया जाएगा। इसके लिए तीन अलग-अलग यात्राएं निकलेंगी। गोरखपुर मंडल में निकलने वाली यात्रा के लिए महामंत्री सहजानंद राय को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि आजमगढ़ यात्रा के प्रमुख क्षेत्रीय महामंत्री देवेन्द्र यादव तथा बस्ती यात्रा के प्रमुख क्षेत्रीय महामंत्री प्रेमचन्द्र मिश्रा होंगे। इन तीनों महामंत्रियों की देखरेख में अस्थिकलश यात्रा निकलेगी।

गोरखपुर में स्वयं मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

आजमगढ़, गोरखपुर व बस्ती मंडल में तीन अलग-अलग अस्थिकलश यात्रा निकलेगी। तीनों यात्रा लखनऊ से निकलेगी। 24 अगस्त को यहां पहुंचेगी। जगह-जगह फूलों से यात्रा का स्वागत होगा।

गोरखपुर क्षेत्र की पहली अस्थिकलश यात्रा का यह होगा मार्ग

गोरखपुर मण्डल की अस्थिकलश यात्रा 24 अगस्त को प्रातः 10 बजे से लखनऊ से चलकर फैजाबाद-बस्ती होते हुये गोरखपुर के सहजनवां आयेगी। यहां पर गोरखपुर जिले के कार्यकर्ता फूल चढ़ाकर स्वागत करेंगे। यहीं से यह हाईवे से होते हुए कुशीनगर के लिए प्रस्थान कर जाएगी। कुशीनगर बार्डर में प्रवेश करते ही पंद्रह मील चैराहा के पास स्वागत होगा। यहां श्रद्धासुमन अर्पित होने के बाद यह यात्रा सुकरौली, हाटा, हेतिमपुर, कुशीनगर, कसया, जानकीनगर, रविन्द्रनगर धूस होते हुये पडरौना नगर पहुंचेगी। नगर में श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद यह वहां से खड्डा, फिर सिसवा होते हुये महराजगंज पहुंच जाएगी। यहां पर रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन यानी 25 अगस्त को सुबह दस बजे से यात्रा प्रारंभ हो जाएगा। महराजगंज से शिकारपुर, परतावल, श्यामदेउरवा होते हुए गोरखपुर की सीमा में प्रवेश करेगी। भटहट, बरगदही, गुलरिहा, झुंगिया बाजार, मेडिकल काॅलेज, असुरनचैक होते हुए शहर के गोलघर में पहुंचेगी। यहां एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहेंगे। सभा के बाद अस्थिकलश का विसर्जन राप्ती नदी में राजघाट पर कर दिया जाएगा।


आजमगढ़ में तमसा नदी में होगा विसर्जन

दूसरी यात्रा आजमगढ़ की तमसा नदी में जाकर समाप्त होगी। 24 अगस्त को प्रातः 10 बजे से लखनऊ से चलकर फैजाबाद, बस्ती फोरलेन होकर देवरिया बार्डर, गौरी बाजार, बैतालपुर, देवरिया, सोनूघाट, खुखुन्दू, सलेमपुर, भागलपुर, तुर्तीपार(बलिया बार्डर), उमा मोड़, सिकन्दरपुर होते हुये बलिया पहुंचेगी। यहां यात्रा का रात्रि विश्राम तय है। पुनः अगले दिन 25 अगस्त को यात्रा बलिया से प्रारम्भ होकर फेफना, रसड़ा, रतनपुरा, मऊ, मुहमदाबाद, सठियांव होते हुये आजमगढ़ पहुंचेगी, जहां एक श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन होगा। यहां श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा मौजूद रहेंगे। सभा के बाद अटल जी की अस्थियों को तमसा नदी में विसर्जित कर दिया जाएगा।

बस्ती के कुआनो में भी होगा अस्थियों का विसर्जन

अटल जी की अस्थिकलश यात्रा की गोरखपुर क्षेत्र में तीसरी यात्रा बस्ती मंडल में तय है। 24 को यह यात्रा भी घघहुआ चैराहा से बस्ती बार्डर में प्रवेश करेगी। यहां पर बस्ती जिले के कार्यकर्ता श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। फिर यह यात्रा विक्रमजोत, छावनी, हरैया, कप्तानगंज, गोटवा, फुटहिया चैराहा, बड़ेबन होते हुये सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़ होते हुये नौगढ़ पहुंचनी है। यहां पर रात्रि विश्राम तय है। अगले दिन 25 अगस्त को यात्रा नौगढ़ से बांसी, संतकबीरनगर जनपद के सांथा, मेंहदावल, बघौली, खलिलाबाद, कांटे, मुण्डेरवा होते हुये बस्ती पहुंचेगी। बस्ती में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा। यहां प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही मौजूद रहेंगे। कुआनो नदी में अमहट घाट पर अटलजी की अस्थिकलश को विसर्जित कर दिया जाएगा।