सिद्धार्थनगर । भवानीगंज थाने से थोड़ी दूर एलआरपी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बाप बेटे की मौत हो गई। घटना रविवार रात पौने दस बजे की है। मृतक उसी थाने के निकट ग्राम भड़रिया के निवासी हैं। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भडरिया निवासी बत्तीस वर्षीय सुभाष अपने 13 साल के पुत्र शोभित को करीब पौने दस बजे बाइक पर बिठा कर महुआ चैराहा से भड़रिया आ रहा था। अभी वह ग्रम बौडिहार के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाप और बेटे की मौत हो गई। रात का फायदा उठा कर चालक वाहन को लेकर फरार हो गया है।
बताते चलें कि सुभाष क्षेत्र के ग्राम परसोहिया में सफाईकर्मी है। उसने भडरिया से लगभग तीन किती दूर बलरामपुर जिले के महुआ चैराहे पर एक दुकान भी खोल रखी थी। रोज शाम को वह दुकान से होकर घर लौटता था। कल संयोग से उसका बेटा भी साथ था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया है।

