प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे सहयोगी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए सरकार के खिलाफ "महागठबंधन" बनाने के लिए विपक्षी दलों का प्रयास "राजनीतिक रोमांच" है। पीएम मोदी ने कहा, महागठबंधन मतदाताओं का गठबंधन नहीं बना सकता।
पीएम मोदी ने कहा, "हताश और असमान समूहों का एक गैर वैचारिक गठबंधन 'महागठबंधन' नहीं बल्कि राजनीतिक रोमांच है। यह एक असफल विचार है जो कभी अतीत में सफल नहीं हुआ। इतिहास हमें बताता है कि इस तरह का साहस अतीत में विफल रहा और भविष्य में कभी सफल नहीं होगा। लोग एक मजबूत और निर्णायक सरकार चाहते हैं जो उनके हितों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें परिणाम देता है। पीएम मोदी ने कहा, " 2014 में भी राजनीतिक पंडितों ने खुद को गलत साबित किया था।
राजनीति से ऊपर उठकर शांति बनाने की जरूरत
पीएम मोदी ने मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर कहा है कि हर किसी को राजनीति से ऊपर उठकर समाज में शांति और एकता बनाने की जरूरत है। एएनआई न्यूज एजेंसी को शनिवार को दिए साक्षात्कार में उन्होंने मॉब लिंचिंग से जुड़े सवाल पर कहा, "मेरी पार्टी और मैं इन घटनाओं और ऐसी मानसिकता पर कई मौकों पर साफ-साफ कह चुके हैं। यह सब रिकॉर्ड में है। इस तरह की एक भी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे समाज में शांति और एकता सुनिश्चित करने के लिए हर किसी को राजनीति से ऊपर उठना चाहिए।"
पीएम मोदी ने मॉब लिंचिंग की घटनाओं को अपराध करार देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं (मॉब लिंचिंग) को महज आंकड़ों तक सीमित रख कर राजनीति करना एक मजाक होगा। एक होकर इस तरह की घटनाओं का विरोध करने के बजाय अपराध और हिंसा जैसी घटनाओं का राजनीतिक फायदा उठाना एक विकृत मानसिकता का परिचायक है।
आरक्षण रहेगा कायमः
पीएम मोदी ने आरक्षण के खत्म होने की रिपोर्ट को सिरे से नकारते हुए साफ किया कि आरक्षण कायम रहेगा। मोदी ने बाबा भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के सपनों को हम पूरा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान द्वारा हमारे उद्देश्य और सपनों को पूरा किया है। इसलिए यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि संविधान में दिए महत्वपूर्ण व्यवस्था आरक्षण द्वारा इसे पूरा किया जाए। उन्होंने साफ किया कि आरक्षण हर हाल में कायम रहेगा, इसमें किसी भी तरह का शंका या संदेह किसी को नहीं होना चाहिए। बाबा साहब के सशक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार का मूल मंत्र ‘सबका साथ सबका विकास’ है जिसके माध्यम से हम गरीब, पीडि़त, शोषित, दलित, आदिवासी और ओबीसी के अधिकारों की रक्षा करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आरक्षण पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग आरक्षण पर सवाल उठा रहे हैं जिन्होंने बाब साहब के सपनों को हमेशा रौंदने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, चुनाव से पहले कुछ लोग जनता के बीच यह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रह हैं कि आरक्षण को समाप्त किया जा रहा है। ऐसे लोग गरीब जनता के बीच अविश्वास की खाई पैदा करना चाहते हैं। लेकिन भारत की जनता समझदार है वो इस तरह के दुष्प्रचार को अच्छी तरह से समझती है। ऐसे लोगों को देखना चाहिए कि भाजपा के अधिकांश सांसद और विधायक एससी, एसटी और ओबीसी से आते हैं।



