काशी में होगी अटल बिहारी वाजपेयी की तेरहवीं, भोज में इतने लोग होंगे शमिल - Desi खबर-जोड़े आपको पूर्वांचल से।
PropellerAds

Friday, 24 August 2018

काशी में होगी अटल बिहारी वाजपेयी की तेरहवीं, भोज में इतने लोग होंगे शमिल

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के लिए त्रयोदशाह का आयोजन 29 अगस्त को टाउनहाल में किया जाएगा। इससे पहले 25 अगस्त को अटल जी की कलश यात्रा काशी पहुंचेगी, जो बाबा विश्वनाथ मंदिर के द्वार से होकर गुजरेगी।
राजेंद्र प्रसाद घाट पर श्रद्धांजलि सभा के बाद अस्थियों के फूल 51 ब्राह्मणों की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय गंगा में विसर्जित करेंगे। यहां पर भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के परिवार से जुड़े लोग रामधुन सुनाएंगे।

त्रयोदशाह कार्यक्रम में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में भाजपा जुट गई है। पहले अस्थि कलश यात्रा के कार्यक्रम बीतने के बाद 29 के कार्यक्रम की तैयारी की जाएगी।

इस कार्यक्रम में सभी दलों के लोगों को आमंत्रण भेजा जाएगा। ब्राह्मण भोज के अलावा काशी की जनता को भी भोजन कराने की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्यक्रम में तकरीबन 51 हजार लोगों के आने व्यवस्था की जा रही है।

पुष्पार्चन के लिए 32 टीमें

अटल बिहारी वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि अस्थि कलश यात्रा के लिए 32 स्थानों पर पुष्पार्चन के लिए 32 टीमें बनाई गई हैं। फूलपुर से राजेंद्र प्रसाद घाट के लिए तय किए गए मार्ग में विश्वनाथ मंदिर का इलाका भी शामिल है जो ज्ञानवापी क्रासिंग के पास है।

राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे प्रदेश कार्यालय से प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के साथ कलश लेकर काशी के लिए रवाना होंगे। अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर पहुंचेगी। जहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन शनिवार को काशी के लिए यात्रा सुबह नौ बजे रवाना होगी।

फूलपुर में जिला और शिवपुर से महानगर की टीम यात्रा के साथ जुड़ेगी। काशी क्षेत्र के अमेठी में हजारीगंज सीमा पर कलश को क्षेत्रीय अध्यक्ष ग्रहण करेंगे। इसी प्रकार राज्यमंत्री अनिल राजभर कलश लेकर मिर्जापुर के लिए चलेंगे।

राज्यमंत्री महेंद्र सिंह इलाहाबाद के लिए कलश यात्रा लेकर चलेंगे। हर विधानसभा के जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में अस्थि कलश को श्रद्धांजलि देंगे। छतों से गुलाब की पंखुडि़यों की पुष्पवर्षा के लिए 20 से अधिक स्थान चयनित किए गए हैं।